दीपक पुड़ो छत्तीसगढ़ समाचार TV- विकासखंड दुर्गूकोदल अंतर्गत ग्राम पंचायत दुर्गूकोदल में प्रधानमंत्री रोजगार योजना (रोजगार गारंटी योजना) के तहत आज रोजगार दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत दुर्गूकोदल की सरपंच श्रीमती शकुंतला नरेटी की उपस्थिति में आयोजित किया गया। रोजगार दिवस के अवसर पर सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने रोजगार गारंटी के तहत पंचायत क्षेत्र में कार्य कर रहे मजदूरों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया तथा योजना की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि वर्तमान में ग्राम पंचायत दुर्गूकोदल में प्रतिदिन लगभग 150 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। पंचायत द्वारा लगातार रोजगार उपलब्ध होने से मजदूरों में खुशी एवं उत्साह देखा गया। मजदूरों ने कहा कि नियमित काम मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है और उन्हें गांव में ही रोजगार मिल रहा है।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती शकुंतला नरेटी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्रामीण मजदूरों को रोजगार की गारंटी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पंजीकृत मजदूर को प्रति वर्ष 125 दिनों तक कार्य उपलब्ध कराने का प्रावधान है। साथ ही मजदूरों को वर्तमान में प्रतिदिन 261 रुपये मजदूरी राशि प्रदान की जा रही है।
सरपंच ने मजदूरों से अपील की कि वे समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित होकर कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें, ताकि गांव के विकास कार्य तेजी से पूरे हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को रोजगार मिले और उन्हें बाहर पलायन न करना पड़े।
रोजगार दिवस कार्यक्रम में ग्राम पटेल लालजी दुग्गा, उपसरपंच तामेशवरी जैन, वार्ड पंच अशवतीन मंडावी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों में काफी उत्साह देखा गया और रोजगार योजना के प्रति सकारात्मक माहौल बना रहा।