अपने ही जाल में फंसे कांग्रेसी! अवैध वसूली पर कार्रवाई से बौखलाहट, अब प्रशासन के खिलाफ धरना — नरोत्तम सिंह चौहान

दीपक पुड़ो पत्रकार दुर्गूकोंदल छत्तीसगढ़- क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और ट्रकों से वसूली के मामले में प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के सह प्रचार-प्रसार मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि जिन लोगों पर अवैध वसूली और खनन का आरोप है, वही अब कार्रवाई के बाद शासन-प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठकर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
चौहान ने कहा कि क्षेत्र की विधायक द्वारा विधानसभा में अवैध रेत उत्खनन का मुद्दा उठाए जाने के बाद खनिज विभाग सक्रिय हुआ और सेटेली खदान में छापेमार कार्रवाई की गई। इस दौरान मौके पर जेसीबी मशीनों के साथ भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित रेत पकड़ी गई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा अवैध कारोबार कांग्रेस से जुड़े लोगों के संरक्षण में संचालित हो रहा था।
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों की आर्थिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ा है, जिसके कारण अब वे लोग बौखलाहट में आकर प्रशासन पर ही दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। चौहान के अनुसार, “जब तक अवैध कमाई का सिलसिला चलता रहा, तब तक किसी को कोई समस्या नहीं थी, लेकिन जैसे ही प्रशासन ने सख्ती दिखाई, अब विरोध और धरना शुरू हो गया है।”
इसी कड़ी में ग्राम बुंदेली का मामला भी सामने आया है, जहां से गुजरने वाले माइंस के ट्रकों से ₹100 प्रति ट्रक की अवैध वसूली की जा रही थी। इस मामले में खास बात यह रही कि इसकी शिकायत भी कांग्रेस के ही एक जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र की विधायक से की गई थी। शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के उपरांत संबंधित लोगों पर कार्रवाई की गई।
चौहान ने कहा कि कार्रवाई के बाद अब वही लोग “SDOP हटाओ” के नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने इस पर तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति पूरी तरह से विरोधाभासी है, जहां कानून का उल्लंघन करने वाले लोग ही कानून लागू करने वालों को हटाने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह घटनाक्रम “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत को पूरी तरह चरितार्थ करता है। अपने ही बनाए जाल में फंसने के बाद अब कांग्रेसी जनता के सामने सहानुभूति बटोरने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई जनता के सामने है।
चौहान ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अवैध खनन और वसूली जैसे मामलों में सख्ती जरूरी है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और राजस्व को नुकसान न हो। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लग सके।

छत्तीसगढ़ समाचार TV

मीडिया क्रांति के इस युग में आपको छत्तीसगढ़ की सारी दिशाओं की हर छोटी-बड़ी खबर,खबर के पीछे की खबर और एक्सक्लूसिव विश्लेषण का ठिकाना है Chhattisgarh samachar tv का जल्द से जल्द सटीक सूचना के साथ उसके सभी आयामों से अवगत कराना ही हमारा लक्ष्य है जनसरोकार के लिए पत्रकारिता का एक नया युग हम लेकर आए हैं। हम जनता के प्यार-आशीर्वाद से Youtube में सबसे बेस्ट कंटेंट डिलीवर कर रहे हैं। youtube instagram facebook whatsapp

Post a Comment

Previous Post Next Post